स्वावलंबी बस्तर अभियान के तहत पांच वर्षों में हर परिवार की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंचाने की योजना, उत्पादन से लेकर बाजार तक विकसित होगी व्यवस्था
52 स्थानीय उत्पादों पर फोकस, 60 सरकारी योजनाओं के समन्वय से सात जिलों में चलेगा अभियान
रायपुर। नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहे बस्तर को अब आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इसके लिए ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की कार्ययोजना तैयार की है। योजना के तहत अगले पांच वर्षों में बस्तर संभाग के सात जिलों के करीब 5 लाख परिवारों को आजीविका के साधनों से जोड़ने और उनकी मासिक आय 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। सरकार का दावा है कि इस अभियान में बस्तर के स्थानीय संसाधनों, कृषि, वनोपज, पशुपालन और पारंपरिक हुनर को आर्थिक गतिविधियों का आधार बनाया जाएगा।
सात जिलों के 1,885 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा अभियान
योजना के दायरे में बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले शामिल हैं। इन जिलों की 1,885 ग्राम पंचायतों और 3,964 गांवों के लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। इसके लिए परिवारों की रुचि, उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय संभावनाओं के आधार पर आजीविका गतिविधियां तय की जाएंगी।
52 उत्पाद बनेंगे ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार
अभियान में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर-कृषि एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के 23 उपक्षेत्रों के 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है।
इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
केवल उत्पादन नहीं, बाजार तक पहुंचाने की तैयारी
अभियान की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि सरकार केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहती। कच्चे माल की उपलब्धता, तकनीकी प्रशिक्षण, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक पूरी व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इसके लिए कलेक्शन सेंटर, गोदाम, प्रसंस्करण इकाइयां और कोल्ड चेन विकसित किए जाएंगे।
बस्तर के उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए ओएनडीसी के मायस्टोर सहित डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा। शुरुआती चरण में पांच प्रमुख उत्पादों को सात अलग-अलग ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से बाजार में उतारने पर चर्चा हुई है।
डेयरी और पशुपालन से नियमित आय की उम्मीद
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है। दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था विकसित कर ग्रामीण परिवारों को नियमित आय से जोड़ने का प्रयास होगा।
60 सरकारी योजनाओं का होगा समन्वय
अभियान के क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्य सरकार के 10 विभागों की 60 योजनाओं को एक साथ जोड़ने की तैयारी है। ग्रामीणों को बिहान के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों और वन धन विकास केंद्रों से जोड़ा जाएगा।
सुरक्षा कैंपों की जगह बनेंगे शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा
योजना के तहत पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर ‘शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’ विकसित करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इन्हें सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर दूरस्थ गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
गीदम और कांकेर में पायलट प्रोजेक्ट शुरू
अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पहले गीदम और कांकेर विकासखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। यहां ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, परिवारों का सर्वेक्षण और परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान के लिए अलग प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी तय करने और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अब सबसे बड़ी चुनौती लक्ष्य को जमीन पर उतारने की होगी। बस्तर में प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों की कमी नहीं है, लेकिन स्थानीय उत्पादकों को उचित मूल्य, बाजार, प्रसंस्करण सुविधाएं और बिचौलियों से मुक्ति दिलाना जरूरी होगा। पांच लाख परिवारों की आय 20 से 30 हजार रुपये मासिक करने का लक्ष्य तभी सार्थक होगा, जब इसका लाभ वास्तव में गांव के उत्पादकों और आदिवासी परिवारों तक पहुंचेगा।
