**जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर जोर; किसानों और एफपीओ को विदेशी खरीदारों से जोड़ने की तैयारी**
**भूमकाल समाचार | रायपुर।**
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल की है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन के बार्सिलोना पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और प्रदर्शनियों से जुड़ी संस्था फिरा बार्सिलोना के साथ व्यावसायिक संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक में संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो, कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक कृषि राहुल देव और भारत की काउंसल जनरल आर्स निसार उपस्थित रहीं।
चर्चा का प्रमुख केंद्र छत्तीसगढ़ के जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक सुगंधित चावल को यूरोपीय सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना रहा। इसके लिए वैश्विक प्रदर्शनियों में सहभागिता, उत्पादों की ब्रांडिंग, निर्यात की संभावनाओं और विदेशी खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित करने पर विचार किया गया।
संस्था के सीईओ ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में प्रदर्शित और प्रचारित करने में सहयोग की बात कही है। इससे प्रदेश के किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को नए व्यावसायिक अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
**जीआई टैग वाले चावलों को मिल सकता है बेहतर बाजार**
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग भी प्राप्त है। ऐसे उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने और पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
**निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य**
राज्य सरकार ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह चर्चा छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हालांकि, इस पहल की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी और व्यावसायिक चर्चाओं को कितनी जल्दी ठोस निर्यात समझौतों, खरीदारों के नेटवर्क और किसानों को मिलने वाले बेहतर मूल्य में बदला जा सकेगा।
छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की यह पहल तभी सार्थक होगी, जब निर्यात से होने वाला आर्थिक लाभ बिचौलियों और बड़े कारोबारियों तक सीमित न रहकर वास्तविक उत्पादक किसानों तक भी पहुंचे।
