दंतेवाड़ा SP से बस्तर रेंज IG और फिर राज्य की नक्सल विरोधी रणनीति में अहम जिम्मेदारी तक, विवेकानंद सिन्हा के अनुभव और रणनीतिक भूमिका ने अभियान को दी नई दिशा।

बस्तर। बस्तर के जंगल… जहां कभी नक्सलियों की समानांतर सत्ता चलती थी। जहां सुरक्षाबलों के लिए कदम बढ़ाना भी किसी चुनौती से कम नहीं था। जहां नक्सलियों के बड़े-बड़े कमांडरों और उनके संगठन की मजबूत पकड़ हुआ करती थी। लेकिन वक्त बदला, रणनीति बदली और बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई का तरीका भी बदल गया।
इस बदलाव के पीछे सिर्फ बंदूक लेकर जंगलों में उतरने वाले जवान ही नहीं थे, बल्कि वे रणनीतिकार भी थे, जिन्होंने इस लड़ाई को जमीन पर समझा और फिर उसी अनुभव के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की। इन्हीं नामों में एक प्रमुख नाम है IPS विवेकानंद सिन्हा का।
1996 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के IPS अधिकारी विवेकानंद सिन्हा का बस्तर से रिश्ता काफी पुराना है। वर्ष 2001 से 2003 के बीच वे दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक रहे। उस दौर में बस्तर में नक्सलवाद अपने विस्तार के दौर में था। इसके बाद वर्ष 2017 में उन्होंने बस्तर रेंज के IG की जिम्मेदारी भी संभाली।

यानी बस्तर उनके लिए सिर्फ नक्शे पर बना कोई इलाका नहीं था। यहां की भौगोलिक परिस्थितियां, आदिवासी समाज, जंगलों के रास्ते, नक्सलियों की कार्यप्रणाली और सुरक्षाबलों के सामने आने वाली चुनौतियों को उन्होंने करीब से देखा और समझा था।
यही अनुभव आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।
नवंबर 2021 से रायपुर में राज्य की नक्सल विरोधी रणनीति से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हुए विवेकानंद सिन्हा ने खुफिया तंत्र और सुरक्षा अभियानों के समन्वय में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में विशेष खुफिया तंत्र की भूमिका भी लगातार महत्वपूर्ण बनी रही।
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा बदलाव स्थानीय सुरक्षा बलों की क्षमता और खुफिया सूचनाओं पर आधारित अभियानों का विस्तार था।
विवेकानंद सिन्हा ने एक बार DRG यानी डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की ताकत को समझाते हुए बताया था कि स्थानीय जवान इलाके की भौगोलिक परिस्थितियों, भाषा, संस्कृति और नक्सलियों की गतिविधियों को बेहतर तरीके से समझते हैं। वे जंगलों में लंबे समय तक बिना बाहरी सहायता के अभियान जारी रखने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने स्थानीय बलों और आंध्र प्रदेश की ग्रेहाउंड्स फोर्स के बीच संयुक्त अभियान की दिशा में भी प्रयास किए। वर्ष 2023 में दोनों बलों के बीच संयुक्त अभियान हुआ।
यह सिर्फ एक ऑपरेशन की बात नहीं थी, बल्कि स्थानीय अनुभव और विशेष प्रशिक्षण को एक साथ जोड़ने की रणनीति थी।
एक समय ऐसा भी था, जब आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की ग्रेहाउंड्स फोर्स के जवान छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर नक्सलियों के खिलाफ बड़े अभियान चलाते थे। लेकिन वक्त बदला और रणनीति ने नई दिशा ली। अब छत्तीसगढ़ के स्थानीय सुरक्षा बल भी दूसरे राज्यों की सीमाओं में प्रवेश कर नक्सलियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने लगे। इसका उदाहरण तब देखने को मिला, जब नारायणपुर DRG के जवानों ने महाराष्ट्र की सीमा में प्रवेश कर नक्सलियों को ढेर कर दिया।
इस तरह की अंतरराज्यीय कार्रवाई और ऑपरेशनल समन्वय को मजबूती देने में IPS विवेकानंद सिन्हा के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल रहे कई जिलों के SP बताते हैं कि विवेकानंद सर ने अधिकारियों को पूरी आजादी यानी फ्री हैंड दिया था। उनकी स्पष्ट मंशा थी कि किसी भी परिस्थिति में नक्सलवाद का खात्मा होना चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने जिलों के पुलिस कप्तानों को अपने-अपने क्षेत्रों में रणनीति के अनुरूप कार्रवाई करने की स्वतंत्रता दी।
इसके बाद नारायणपुर से लेकर बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बस्तर और कोंडागांव तक एक के बाद एक नक्सल विरोधी अभियानों का सिलसिला तेज हुआ। अलग-अलग जिलों की पुलिस और DRG ने अपने-अपने इलाकों में नक्सलियों के मजबूत ठिकानों को निशाने पर लेना शुरू किया। सीमाओं की बंदिशों से आगे बढ़कर अभियानों का विस्तार हुआ और नक्सलियों पर लगातार दबाव बढ़ता चला गया।
इसके साथ ही नक्सल विरोधी अभियान को केवल मुठभेड़ों तक सीमित नहीं रखा गया। सुरक्षा कैंपों की स्थापना, सीमावर्ती राज्यों के साथ रियल टाइम सूचना साझा करना, ग्रामीणों का विश्वास जीतना और प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को पहुंचाना भी रणनीति का हिस्सा बना।
इसी सोच को तीन शब्दों में समझा जा सकता है—क्लियर, होल्ड और बिल्ड।
पहले इलाके को नक्सलियों के प्रभाव से मुक्त कराना, फिर वहां सुरक्षा बलों की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित करना और उसके बाद विकास के रास्ते खोलना।
मई 2025 में अबूझमाड़ के बोटेर इलाके में हुए बड़े अभियान में 27 नक्सली मारे गए थे। इनमें माओवादी संगठन के महासचिव बसवराजू भी शामिल थे। इस अभियान में छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG की अलग-अलग जिलों की इकाइयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस बड़े अभियान में शामिल वरिष्ठ अधिकारियों में विवेकानंद सिन्हा भी थे।
बाद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस अभियान में शामिल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिल्ली स्थित अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया था। सम्मानित होने वाले अधिकारियों में IPS विवेकानंद सिन्हा भी शामिल थे। यह सम्मान नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में उनके योगदान और नेतृत्व की महत्वपूर्ण पहचान थी।
नक्सलवाद के खिलाफ इस पूरी लड़ाई में विवेकानंद सिन्हा की भूमिका को समझने के लिए एक बात महत्वपूर्ण है—यह किसी एक अधिकारी या किसी एक ऑपरेशन की सफलता नहीं थी। यह राज्य पुलिस, DRG, केंद्रीय सुरक्षा बलों, खुफिया एजेंसियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम था। लेकिन इस पूरी व्यवस्था में रणनीतिक समन्वय और खुफिया नेटवर्क को मजबूत करने में उनकी भूमिका विशेष रही है।
31 मार्च 2026 की तय समयसीमा तक नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में छत्तीसगढ़ में जो अभियान चला, उसमें बस्तर को करीब से जानने वाले इस अधिकारी का अनुभव बेहद उपयोगी साबित हुआ।
विवेकानंद सिन्हा की कहानी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने बस्तर को पहले एक पुलिस अधिकारी के रूप में जमीन पर देखा, फिर एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में उसी बस्तर के लिए रणनीति तैयार करने में योगदान दिया।
IPS विवेकानंद सिन्हा… जिनका बस्तर में वर्षों का अनुभव नक्सलवाद के खात्मे की निर्णायक लड़ाई में एक अहम कड़ी साबित हुआ। उन्होंने सिर्फ सामने आकर नेतृत्व ही नहीं किया, बल्कि पर्दे के पीछे रहकर भी अपनी रणनीतिक सूझबूझ, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की ऐसी मिसाल पेश की, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
बस्तर की इस ऐतिहासिक लड़ाई में उनका योगदान उन प्रयासों में शामिल रहेगा, जिन्होंने नक्सलवाद के अंत की राह को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाया।
