Top Newsअख़बारों सेछत्तीसगढ़

महादेव सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रत्यर्पण को केंद्रीय जांच एजेंसियों की बड़ी सफलता बताया, कहा– प्रोटेक्शन मनी पाने वालों के नाम भी आ सकते हैं सामने

रायपुर, 2 नवंबर 2026। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लाया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे केंद्रीय जांच एजेंसियों की बड़ी सफलता बताते हुए उम्मीद जताई है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में इस अवैध सट्टा कारोबार के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े प्रभावशाली लोगों की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।

मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि सौरभ चंद्राकर लंबे समय से विदेश में था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) लगातार उसे भारत लाने के प्रयास कर रही थी, ताकि महादेव सट्टा ऐप मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकें। सीबीआई और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से उसका प्रत्यर्पण संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में यह पता चल सकेगा कि महादेव सट्टा ऐप के अवैध कारोबार से किन-किन लोगों को प्रोटेक्शन मनी दी जाती थी और इस पूरे नेटवर्क में किसकी क्या भूमिका थी।

उन्होंने कहा कि पूछताछ से जांच को नई दिशा मिलेगी और मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई के लिए सीबीआई और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।

अब जांच की सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के आधार पर कथित अवैध कारोबार के पूरे वित्तीय नेटवर्क, संरक्षण देने वालों और लाभार्थियों की भूमिका को कितनी प्रभावी ढंग से उजागर किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *