निमोरा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ, ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के लिए गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों तथा जलवायु अनुकूल कार्यों पर जोर
रायपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार को ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में हुआ। कार्यशाला में प्रदेश के सभी 33 जिलों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। इसमें योजना के प्रावधानों, क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं और मैदानी स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आयुक्त वीबी–जीरामजी एवं संचालक, प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने और स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने कार्यों के चयन और क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जलवायु अनुकूल विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में वीबी–जी राम जी योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे नवाचारपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है। इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थायी सामुदायिक और ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास हो रहा है।
कार्यशाला के पहले दिन भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विकसित ग्राम पंचायत योजना के विशेषज्ञों ने भी भाग लिया। उन्होंने विकसित ग्राम पंचायत योजना के निर्माण और उसकी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में वीबी–जी राम जी योजना के विभिन्न प्रावधानों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी), तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है। इस दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका पुस्तिका, 375 प्रकार के अनुमेय कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (वीजीपीपी), धार–अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं।
कार्यशाला में विभिन्न जिलों से आए अधिकारियों को अपने अनुभव साझा करने और बेहतर कार्यप्रणालियों से अन्य प्रतिभागियों को परिचित कराने का अवसर भी दिया जा रहा है।
12 से 14 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर को 12 जिलों, 13 नवंबर को 11 जिलों और 14 नवंबर को शेष 10 जिलों के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान योजना के तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं, मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की क्षमता विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
