मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 के पदक विजेता तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को किया सम्मानित; पैरा बैडमिंटन में कांस्य जीतने वाले अभिजीत को ₹31 लाख की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा।

रायपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दो पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा और संघर्ष से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिह्न भेंट किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष, साहस और दृढ़ संकल्प प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जीवन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता हासिल की जा सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा से इसे साबित किया है।
नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया तिरंगा
बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की उपलब्धि संघर्ष और इच्छाशक्ति की असाधारण मिसाल है। वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन में कार्यरत थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
इस कठिन परिस्थिति के बावजूद तोमन कुमार ने हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बनाई और एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।
मुख्यमंत्री साय ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने के बाद अब तोमन कुमार अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का गौरव बढ़ा रहे हैं। नक्सली हमले में उनका एक पैर जरूर चला गया, लेकिन उनके हौसले और देश के लिए कुछ कर गुजरने के जज्बे में कमी नहीं आई।
बचपन की शारीरिक चुनौती को बनाया ताकत, अभिजीत ने जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। वे बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने खेल को अपना लक्ष्य बनाया और पैरा बैडमिंटन में निरंतर अभ्यास के जरिए अपनी प्रतिभा को निखारा।
एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर अभिजीत ने प्रदेश को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में परिवार का विश्वास, सहयोग और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को भविष्य की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी आने वाले समय में भी अपनी उपलब्धियों का सिलसिला जारी रखेंगे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ पैरालंपिक में भी देश के लिए पदक जीतेंगे।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर सरकार का जोर : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
समारोह में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो और दोनों खिलाड़ियों के परिजन उपस्थित रहे।
