Latest:
◆ छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज, 33 जिलों के अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण◆ दिवाली से पहले महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त, 632 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी◆ महादेव सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज◆ राज्योत्सव 2026: छत्तीसगढ़ की 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण, पत्रकारिता से लेकर कला और खेल जगत तक की प्रतिभाएं सम्मानित◆ चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को शीघ्र मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिए निर्देश◆ बस्तर की 485 बसाहटों को मिलेगी बारहमासी सड़क सुविधा, 804 करोड़ के 263 सड़क कार्य प्रस्तावित◆ छत्तीसगढ़: राज्यपाल रमेन डेका ने 1,122 स्काउट्स-गाइड्स को किया सम्मानित, पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील◆ बस्तर में 2,323 पुनर्वासित माओवादियों को मिला कौशल प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने पर जोर

हां, हम हार गए

✍️ भूमकाल समाचार ब्यूरो • जगदलपुर (बस्तर)
अक्षर आकार:
हां, हम हार गए

हां, हम हार गए
फिलहाल तो हम हार गए
जैसे हारे थे स्पार्ट्कस
जैसे हारे थे पेरिस कम्यून के कामरेड्स
जैसे हारे थे सैको-वैनजेटी
जैसे हारे थे नक्सलबाड़ी के नक्सली
हां, हम हार गए

लेकिन तुम भी कहां जीते
आज भी कैद रहते हो अपने दुर्ग सरीखे घरों में
जहां पक्षी भी बंदूकों से साये से डरकर
बिना रुके आगे निकल जाते हैं
वे जानते हैं
यहां न दाना मिलेगा और न पानी

बिना सड़क सूनी किए
और बिना इजरायली हथियारों के
तुम सड़कों पर कब निकल पाते हो?
अगर बिल्ली भी तुम्हारा रास्ता काटे
तो वह भी कुचल दी जाती है
बेरहमी से

तुमसे तो आसपास के पेड़ भी सहमे रहते हैं
कि न जाने कब उनकी बढ़ती लंबाई को
संभावित खतरा समझ लिया जाय
और डर से उनका क़त्ल कर दिया जाय

यह पहली बार है शायद
कि अब तो तुम कलम से भी डर जाते हो

लेकिन तुम्हारा यह डर अकारण नहीं है
तुम्हे पता है
हम हारते जरूर हैं
लेकिन मरते नहीं

हम लेते हैं जन्म बार बार
हर बार
किसी रक्तबीज की तरह
फीनिक्स पक्षी की तरह

स्पार्ट्कस हारा जरूर था
लेकिन मरा नहीं
वह फिर फिर पैदा हुआ
और पिछली बार तो पैदा हुआ था
हमारा भगत सिंह बनकर

और इस तरह हर बार हम तुम्हे तुम्हारे डर के खोल में
भीतर
और भीतर धकेल देते हैं

और इस तरह
हम हार कर भी जीत जाते हैं
हर बार
और तुम जीत कर भी हार जाते हो
हर बार

लेकिन इस बार हम इस खेल को हमेशा के लिए खत्म कर देंगे

हमारी धरती अब अपने बच्चों का रक्त और नहीं सोख सकती
बच्चों की कब्र के लिए
धरती पर अब और जगह नहीं बची है
एक इंच भी नहीं

इसलिए,
इस बार हम आयेंगे
लाखों करोड़ों की संख्या में
तूफान बनकर
अंतिम युद्ध के लिए

तुम्हे तुम्हारे डर से हमेशा के लिए मुक्त करने

ताकि हमें भी न लेना पड़े जन्म बार बार

और आने वाली पीढ़ी
जी सके उतनी ही सहजता और स्वतंत्रता से
जैसे धरती पर बहती है कलकल करती नदी
बिना किसी बाँध के

जैसे चहचहाते हैं पंछी
बिना किसी डर के

जैसे खिलखिलाता है बच्चा
बिना किसी खौफ के…….

(क्रांतिकारी शहीद भूमैया और किस्ता गौड़ पर लिखे वरवर रॉव के संस्मरण से प्रभावित होकर)

संबंधित खबरें (Similar News)