Latest:
◆ छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज, 33 जिलों के अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण◆ दिवाली से पहले महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त, 632 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी◆ महादेव सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज◆ राज्योत्सव 2026: छत्तीसगढ़ की 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण, पत्रकारिता से लेकर कला और खेल जगत तक की प्रतिभाएं सम्मानित◆ चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को शीघ्र मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिए निर्देश◆ बस्तर की 485 बसाहटों को मिलेगी बारहमासी सड़क सुविधा, 804 करोड़ के 263 सड़क कार्य प्रस्तावित◆ छत्तीसगढ़: राज्यपाल रमेन डेका ने 1,122 स्काउट्स-गाइड्स को किया सम्मानित, पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील◆ बस्तर में 2,323 पुनर्वासित माओवादियों को मिला कौशल प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने पर जोर

तानाशाह से मत डरो – 6

✍️ भूमकाल समाचार ब्यूरो • जगदलपुर (बस्तर)
अक्षर आकार:
तानाशाह से मत डरो – 6

तानाशाह
बचपन से तानाशाह नहीं था
बचपन में
वो बस एक बच्चा था
पर उसे रखा गया
किसी अमानत की तरह

घर से बाहर निकलने पर
रोक लगी
डराया गया भूत-प्रेतों से
और बताया गया
कि किन बच्चों के साथ
खेलना नहीं

इतने बच्चों के साथ
खेलने से रोक दिया गया उसे
कि वो
दरअसल अकेले ही खेलता रहा
तानाशाह
तब से अपने आप से ही बातें करता है

तानाशाह
हमेशा पसंद करता था
एक लड़की को
लेकिन उसे बताया गया
कि स्त्री के चक्कर में
जीवन व्यर्थ हो जाता है

तानाशाह
पड़ सकता था
किसी पुरुष के प्रेम में भी
लेकिन यहां उसको पाप
और नर्क से ख़ौफ़ज़दा किया गया

तानाशाह
प्रेम से ऐसा वंचित रहा
कि नफ़रत
उसके जीवन का स्थायी भाव हो गई
वो प्रेम भी करना चाहता
तो नफ़रत ही करता
ख़ुद से भी…

तानाशाह
कमज़ोर था, अस्वस्थ भी
और डरा हुआ भी
उसे उपाय बताया गया
कि ऐसे हाथ जोड़ कर
ये वाला मंत्र पढ़ते रहना है
यही सूत्र है
भय, मोह और प्रेम से मुक्ति का
तानाशाह ने मंत्र इतना पढ़ा
कि उसे भयभीत होते रहने की
आदत हो गई

तानाशाह
रास्ता नहीं, ढूंढता रहा
रास्ता दिखाने वाला गुरु
गुरु मिला ईनाम दिखाने वाला
ईमान नहीं
धर्म को देश समझाया गया उसे
देश को सत्ता
और शक्ति को कर्तव्य
तानाशाह
डरता है कि कुर्सी और धर्म नहीं रहे
तो कितना अशक्त
और कितना अदेशज हो जाएगा वो

तानाशाह
मरने से डरता था
अंदर के डर को मारना असंभव था
पर आसान था
अंदर के मनुष्य को मारना
उसने समझा
कि अपने डर से मुक्ति नहीं
पर डर के अहसास से मुक्ति संभव है
बाकियों को डरा कर
उसने सबको डराया
और अकेला हो गया

तानाशाह ने समझा
कि आसान है
अकेला हो जाना
अद्वितीय होने से
वह अकेला हो गया
और अपने अद्वितीय होने की बात
छपवाता गया डराए गए
अख़बारी काग़ज़ों पर
तानाशाह का आकार
जितना बड़ा होता गया
उसका कद उतना ही छोटा

अभी तानाशाह डरता है
काले कपड़े
काली रात
काले रंग
और काले अक्षर से
तानाशाह का डर
उसके चेहरे पर नहीं दिखता
उसके हाथों को ग़ौर से देखिए
जैसे नन्हा बच्चा
अंधेरे में डरता है
और नहीं निकला सकता है आवाज़
कि वाकई कोई प्रेत हो
तो सुन लेगा…

तानाशाह
का बचपन
उसके मन से गया नहीं है
तानाशाह को डांटिए मत
उसे गले लगाइए
तानाशाह के जीवन में
प्रेम बचपन से गायब है
एक मुल्क हुआ करता था
वहां करोड़ों बच्चे पल रहे थे
इस तानाशाह के बाद
तानाशाह बनने के इंतज़ार में
उन को कोई ढंग से प्यार नहीं करता था

आप तानाशाह से डरते हैं
तानाशाह बच्चा है महज
उससे डरिए मत
आजकल बच्चे पुचकार से भी
डर जाते हैं…

IMG 20190710 WA0002
मयंक

संबंधित खबरें (Similar News)