Latest:
◆ छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज, 33 जिलों के अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण◆ दिवाली से पहले महिलाओं के खातों में पहुंची महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त, 632 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी◆ महादेव सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज◆ राज्योत्सव 2026: छत्तीसगढ़ की 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण, पत्रकारिता से लेकर कला और खेल जगत तक की प्रतिभाएं सम्मानित◆ चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को शीघ्र मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिए निर्देश◆ बस्तर की 485 बसाहटों को मिलेगी बारहमासी सड़क सुविधा, 804 करोड़ के 263 सड़क कार्य प्रस्तावित◆ छत्तीसगढ़: राज्यपाल रमेन डेका ने 1,122 स्काउट्स-गाइड्स को किया सम्मानित, पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील◆ बस्तर में 2,323 पुनर्वासित माओवादियों को मिला कौशल प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने पर जोर

आज की कविता : ख़बरनवीस का ख़त

✍️ भूमकाल समाचार ब्यूरो • जगदलपुर (बस्तर)
अक्षर आकार:
आज की कविता : ख़बरनवीस का ख़त
IMG 20190801 WA0009

तुम्हें दरकार है
एक मखमली आलिंगन की
और मेरे बदन में चिपक रहा है लहू

मैं यह लहू
छिपाना चाहता हूं तुमसे
कि दुनिया में आज बहुत खून बहा है

मैं घर आकर
तुम्हें चूमने से पहले ही
नहाना चाहता हूं

…

हम दिन भर चुनते हैं लाशें
पीट-पीटकर मारे गए इंसानों की
भूख से मरे बच्चों की
सियासत में क़त्ल हुए लोगों की
अपनी ज़मीन से प्यार करने वाले आदिवासियों की

हम ख़बरों की तिज़ारत में
इधर उधर भागते कबूतर हैं
लोगों तक पहुंचाते हैं ख़ौफ़नाक सूचनाएं

दिल्ली से हुक्म हुआ है
‘नकारात्मक पेशा’ है हत्याओं की आलोचना
हम सीख रहे हैं हर हाल में सकारात्मक होना

…

हमने कवियों से सीखा सोचना
कलमकारों से सीखा लिखना
सरफरोशों से सीखा बोलना

अब दलालों से सीख रहा हूं
सोचना, लिखना, बोलना
अंग्रेजी में इसे कहते हैं ‘टैक्टिकल’ होना

हमने कलम उठाई थी
हम ख़बरनवीस हुए
फिर सूचनाओं के कसाई हो गए

…

हम ज्ञान रूपी मंदिर के
ऐसे पंडे हैं
जो आंसुओं से करा देते हैं गर्भाधान
और हमें शर्म भी नहीं आती
खुद को वैज्ञानिक कहने में

हमने कण्व ऋषि को मान लिया है
पहला परमाणु वैज्ञानिक
अब चंदा को मामा कहकर
करेंगे शास्त्रार्थ, आइंस्टीन को हरा देंगे

…

घर से निकलता हूं
तुम्हें मुस्कराता देख कर

शाम तक याद नहीं रहती
तुम्हारी मुस्कान
तमाम शक्लें भर जाती हैं
आंखों में
क्षत विक्षत, लथपथ

रोज़ भड़कती है एक सियासी भीड़
लिंचिंग हो जाती है कोमल विचारों की
रूई के फाहे की तरह तुम्हारे आलिंगन
रोज़ बचा ले जाते हैं इन्हें
अगले दिन लिंच होने के लिए

….

कल जब तुम्हें
खिलाया था निवाला अपने हाथ से
अंदर कुछ दरक गया था

वह मां थी
मारना नहीं चाहती थी
अपने बीमार बच्चे को
खिलाना चाहती होगी इसी तरह
अपने हाथ से

वह और सहला नहीं सकी
भूखे बच्चे का पेट
कलेजा फट रहा था
दबा दिया बच्चे का गला

मैं ऐसे देश का ख़बरनवीस हूं
जहां भूखे बच्चों को
अपनी ही मां के हाथों
मरना पड़ता है

अब वह कभी ​नहीं दिखाएगी उसे
आंगन में लिटाकर चंदा मामा

आज देश चांद पर पहुंच गया है.

IMG 20190723 WA0013

कृष्ण कांत

संबंधित खबरें (Similar News)