छत्तीसगढ़

महतारी वंदन से 68.5 लाख महिलाओं को मिला आर्थिक संबल, बस्तर विकास और रोजगार सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री साय

WhatsApp Image 2026 07 24 at 8.49.42 AM

रायपुर, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन बढ़ाया है। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़–सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ कार्यक्रम में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बस्तर विकास, रोजगार, उद्योग, पर्यटन और सुशासन को राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लगभग 68.50 लाख विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये सीधे बैंक खातों में दिए जा रहे हैं। अब तक 29 किश्तों में लगभग 18,800 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में हस्तांतरित किए जा चुके हैं। उनके अनुसार इस राशि से महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर रही हैं, बच्चों की शिक्षा पर खर्च कर रही हैं और परिवार के आर्थिक निर्णयों में उनकी भागीदारी बढ़ी है।

उन्होंने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दानसरा गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां महिलाओं ने महतारी वंदन की राशि एकत्र कर भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण की शुरुआत की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 2.86 लाख महिला स्व-सहायता समूहों से लगभग 30 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इन्हें रेडी-टू-ईट योजना, ऋण और अन्य आर्थिक सहायता के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

बस्तर के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र अब नक्सल हिंसा से निकलकर विकास की ओर बढ़ रहा है। ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत 500 से अधिक गांवों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत लगभग 36 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।

उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित देउरगांव और मटनार सिंचाई परियोजनाओं से लगभग 80 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी। नई औद्योगिक नीति में होम-स्टे को शामिल कर पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम-2026 लागू किया है, जिसके तहत प्रलोभन, दबाव या छलपूर्वक धर्मांतरण पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। साथ ही समान नागरिक संहिता के लिए गठित समिति भी कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पीएससी भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच जारी है तथा सरकार युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दे रही है। विभिन्न विभागों में नियुक्तियों के साथ जल्द ही 5 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। बलौदाबाजार की मीना देवांगन ने बताया कि उन्होंने योजना की राशि से चूड़ी व्यवसाय शुरू किया, जबकि एक अन्य हितग्राही ने कहा कि वे इस राशि से अपने बच्चे की स्कूल फीस का भुगतान कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *