रायपुर में आज करम परब महोत्सव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे शामिल
कंवर समाज के युवा प्रभाग की पहल, इंडोर स्टेडियम में होगा आयोजन; आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का दिखेगा रंग
भूमकाल समाचार | रायपुर
राजधानी रायपुर में आज, 9 अक्टूबर को करम परब महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के युवा प्रभाग की महानगर इकाई रायपुर द्वारा आयोजित इस महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री को सौंपा गया आमंत्रण
कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी के नेतृत्व में युवा प्रभाग के पदाधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव का आमंत्रण पत्र सौंपा था। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल होकर समाज के लोगों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए महोत्सव में शामिल होने की सहमति दी। इसके बाद समाज के पदाधिकारियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रकृति और आदिवासी परंपराओं का पर्व
करम परब आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश देता है।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में कंवर समाज की पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, युवाओं, महिलाओं तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले समाजजनों की सहभागिता रहेगी।
भूमकाल समाचार: आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसका हस्तांतरण जरूरी है। करम परब जैसे पारंपरिक आयोजन इस विरासत को जीवंत रखने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
