विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण

रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान सोमवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उनके अनुसार यह अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, बढ़ते तापमान और जैव विविधता के क्षरण जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां जनप्रतिनिधियों ने अभियान के समर्थन में तस्वीरें खिंचवाईं और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डेय सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
