Uncategorizedछत्तीसगढ़

डिजिटल एडिक्शन आज किसी भी अन्य एडिक्शन से अधिक खतरनाक : राज्यपाल डेका

आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 504 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 35 मेधावियों को पदक

रायपुर, 12 सितंबर 2026। आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों को तकनीक की बढ़ती निर्भरता के खतरों से आगाह करते हुए कहा कि आज डिजिटल एडिक्शन किसी भी अन्य एडिक्शन से अधिक खतरनाक हो गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल मानवहित में करने तथा उसके दुष्प्रभावों से बचने की अपील की।

राज्यपाल ने कहा कि विज्ञान और तकनीक का उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, माइक्रोप्लास्टिक और न्यूक्लियर एनर्जी जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ उसके पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों पर भी ध्यान देना जरूरी है। सतत विकास को प्राथमिकता देने की जरूरत है।

विद्यार्थियों को भगवद्गीता के कर्मयोग का संदेश देते हुए डेका ने कहा कि अपने कर्म, पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें तथा इस बात की चिंता न करें कि दूसरे उनके बारे में क्या सोचते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और मानसिक-शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

दीक्षांत समारोह में वर्ष 2025 और 2026 के शैक्षणिक सत्र के 504 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 19 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 16 को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं डिफेंस साइंटिस्ट डॉ. वी. सतीश रेड्डी, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. आर.पी. कौशिक और कुलपति प्रो. डॉ. शिव दयाल पांडे सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *