छत्तीसगढ़ में कॉलेज प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा दाखिले का मौका

रायपुर, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। उच्च शिक्षा विभाग के नए आदेश के अनुसार, जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी अब 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इसे छात्रहित में लिया गया फैसला बताते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण निर्धारित समय में प्रवेश नहीं ले सके। ऐसे में केवल समय-सीमा समाप्त होने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक वर्ष खराब न हो, इसे ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तारीख बढ़ाई गई है।
पहले 14 अगस्त तक था मौका
उच्च शिक्षा विभाग के पूर्व आदेश के तहत महाविद्यालय स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से प्रवेश की समय-सीमा 14 अगस्त 2026 तक बढ़ाई गई थी। बावजूद इसके प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गईं और अनेक विद्यार्थी समय पर प्रवेश नहीं ले सके।
इसी स्थिति को देखते हुए शासन ने एक बार फिर प्रवेश की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब रिक्त सीटों वाले शासकीय एवं निजी कॉलेजों में इच्छुक विद्यार्थी 31 अगस्त तक दाखिला ले सकेंगे।
मंत्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।
भूमकाल समाचार | रायपुर
