देश

पति ने जंजीर से बांधा, गर्म सरिए से दागा; महिला ने ताला तोड़ 6 किमी पैदल चलकर दर्ज कराई शिकायत

408e8d82 e308 4ba5 91c1 c038f31c6a5b

[राजगढ़ मध्यप्रदेश ] घरेलू हिंसा और क्रूरता का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला को उसके पति ने कथित तौर पर जंजीर से बांधकर यातनाएं दीं। पीड़िता ने साहस का परिचय देते हुए खुद को बंधन से मुक्त किया और करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, 10 जून की शाम मंगीबाई का पति सरदार सिंह तंवर शराब के नशे में घर लौटा और खाना मांगा। खाना तैयार होने में देर होने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर पेड़ की मोटी डाल से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके अलावा लात-घूंसों और थप्पड़ों से भी हमला किया गया।

बताया गया है कि देर रात महिला घर से निकलकर पुलिस थाने जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन रास्ते में पति ने उसे पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के सामने उसकी फिर पिटाई की गई और उसे जबरन घर वापस ले जाया गया।

आरोप है कि घर पहुंचने के बाद पति ने महिला के गले में लोहे की भारी जंजीर डालकर उसे घर के एक खंभे से बांध दिया। इतना ही नहीं, उसने लोहे की छड़ को आग में गर्म कर महिला की कमर, कूल्हे और जांघ पर दागा। पीड़िता करीब 24 घंटे तक जंजीर से बंधी रही।

महिला के अनुसार, पति चाहता था कि वह पंचायत के सामने यह वादा करे कि भविष्य में कभी पुलिस के पास नहीं जाएगी। जान बचाने के लिए उसने उसकी बात मानने का दिखावा किया। जब पति पंचायत के लोगों को बुलाने बाहर गया, तब महिला ने मौके का फायदा उठाया।

घर में पड़े एक पत्थर की मदद से उसने ताला तोड़ा, खुद को जंजीर से मुक्त किया और गले में जंजीर लटकाए ही करीब 6 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस थाने पहुंच गई।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया है ।

यह घटना घरेलू हिंसा की भयावहता को उजागर करने के साथ-साथ एक महिला के अदम्य साहस और संघर्ष की मिसाल भी पेश करती है। मंगीबाई तंवर ने विपरीत परिस्थितियों में हार मानने के बजाय न्याय के लिए लड़ने का रास्ता चुना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *