छत्तीसगढ़

1500 छात्राओं को एजुकेशन किट, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में बनेगा विशाल डोम

कोरबा । शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में आयोजित दीक्षारम्भ समारोह में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की करीब 1500 छात्राओं को CSR मद से एजुकेशन किट वितरित किए गए।

मंत्री देवांगन ने कहा कि बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, परिवार, समाज और प्रदेश उतना ही सशक्त होगा। उन्होंने महाविद्यालय में DMF मद से विशाल डोम के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अन्य शासकीय कॉलेजों में भी विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इसी तरह अधोसंरचना विकसित की जाएगी।

GYAN पर आधारित विकास मॉडल का दावा

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश के विकास मॉडल को GYAN—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर केंद्रित बताया।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर 27.5 प्रतिशत हो गया है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को देश का भविष्य बताते हुए निरंतर मेहनत और संघर्ष के साथ सफलता हासिल करने का आह्वान किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले में DMF के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के छात्र-छात्राओं को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में उच्च अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी, प्राध्यापकगण, स्थानीय पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *