Home SliderTop Newsआज की कविता

विश्व आदिवासी दिवस पर आज की कविता

जंगल के योद्धा

IMG 20200809 WA0000

हम तो जंगल के योद्धा हैं साहेब
हमें डराना नहीं
जेल की सलाखों से
जब से जन्म लिए हैं
तब से हमारा संघर्ष
हमारी लड़ाई शुरू हुई है
अपनी अस्तित्व
अपने आप को बचाने के लिए
जैसे हमारे पुरखे
वर्षों से करते आ रहे हैं।
हम तो जंगल के वीर हैं साहेब
हमें धमकाना नहीं
बंदूक की गोलियों से
बीहड़ों में पैदा हुए
शेर की मांद में पले बढ़े
झरने का पानी पी कर
कंद-मूल खा कर बड़े हुए
हमें मत सीखना
जंगल की गणित
यहां का भूगोल और इतिहास।
हम तो जंगल के दावेदार हैं साहेब
हमें चुनौती देना नहीं
सत्ता की ताकतों से
जंगल हमारी जीविका
जंगल हमारी जीवन धारा
जंगल हमारी युग विरासत
इसे हम हरगिज़ नहीं छोड़ेंगे
ना रुकेंगे ना झुकेंगे
हम जंगल नहीं छोड़ेंगे
हम अपना गांव नहीं छोड़ेंगे।
हम तो जंगल के योद्धा है साहेब
हम लड़ाई लड़ेंगे
एक और हुल करेंगे
जान देने से पीछे नहीं हटेंगे
हमें ख़ून ख़राबा
रक्तपात पसंद नहीं
पर याद रखना
जंगल से बेदखल हमें मंजूर नहीं
हम तैयार हैं
एक और लड़ाई लड़ने के लिए
अपनी अस्मिता बचाने के लिए
जल-जंगल और जमीन के लिए।
…………………..

बेसरा ‘बेपारी’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *