Home SliderTop Newsछत्तीसगढ़देशबस्तर

सुरक्षाबल और नक्सलियों की जंग में फंसा एक गांव -ग्रामीण कह रहे निर्दोषों पर जुल्म ढा रही फोर्स -एसपी बोले-मुठभेड़ के शिकार नक्सली के खिलाफ हैं साक्ष्य

IMG 20191228 WA0001

बाएं से मारे गए युवक के पिता देवा,बच्चे के साथ पत्नी हिड़मे हेमला

IMG 20191228 WA0000


मारे गए युवक का आधार कार्ड

IMG 20191228 WA0002

जेल भेजी गई गर्भवती महिला का पति गंगा पोड़ियम अपने बेटे राकेश के साथ

टेकमेटला से लौटकर गणेश मिश्रा

बीजापुर:–जिले के पोलमपल्ली पंचायत के आश्रित गांव टेकमेटला में कुछ महीने पूर्व हुई मुठभेड़ को आदिवासी फर्जी मुठभेड़ बता रहे हैं जबकि एसपी कह रहे मारे गए नक्सली के खिलाफ पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं।
11 अक्टूबर 2019 की सुबह सात बजे टेकमेटला में कथित मुठभेड़ हुई थी। इसमें सन्तोष हेमला (27) पिता देवा की मौत हो गई थी। पिछले महीने इसी गांव से फोर्स नक्सल आरोप में एक गर्भवती महिला पीडियम मुके (27) को उठा ले गई। ग्रामीण इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि बीजापुर एसपी दिव्यांग पटेल इन आरोपों को खारिज कर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जो नक्सली मारा गया है उसके कई पुराने मामले मिले हैं। गर्भवती महिला की गिरफ्तारी के मामले उन्होंने कहा कि जवानों से चर्चा के बाद ही बता पाऊंगा कि उसपर क्या क्या आरोप थे।
ग्रामीणों का कहना है कि मुठभेड़ में नक्सली नहीं बल्कि गांव के लड़के को मारा गया है। मृतक की पत्नी हिड़मे हेमला का कहना है कि वह खेत का काम निपटाकर बेटे के छट्ठी संस्कार की तैयारी के लिए निकला था। उसके दोस्त माड़वी बंडी, मुचाकी अन्दा, मुचाकी सोमडा और मुचाकी देवा भी साथ थे। जवानों ने नक्सली बताकर गोली मार दी जबकि अन्य युवक वंहा से भागकर जान बचाने में कामयाब हो गए। वह दसवीं तक पढा था। शादी के पहले खेती में पिता का हाथ बंटाने पढाई छोड़कर गांव आ गया। अब उनके दो मासूम बच्चे हैं। वह अपने माँ बाप का इकलौता लड़का था। नक्सलवाद से उसका दूर दूर तक कोई नाता नहीं था। बेहद गरीब हिड़मे पर अब अपने बच्चों के साथ ही बुजुर्ग सास ससुर की भी जिम्मेदारी है।

धान कूटती गर्भवती को उठा ले गए-

ग्रामीणों का कहना है कि 13 नवंबर 2019 को फोर्स फिर गांव में आई। टेकमेटला के मंडोलपारा में पांच माह की गर्भवती पीडियम मूके धान कूट रही थी। जवानों ने उसे नक्सली बताकर गिरफ्तार कर लिया। पति गंगा पोड़ियम मानसिक अस्वस्थ है। उसके चार बच्चे हैं जिसमें से एक महज तीन साल का है। तीन बच्चे पोटाकेबिन में पढ़ाई कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पत्नी के जेल जाने के बाद पति गंगा व उनके बच्चे बेसहारा हो गए हैं। गांव वाले ही उनका पेट भर रहे हैं।

वर्जन-

जिस महिला को गिरफ्तार किया गया है वह गर्भवती थी या नहीं, उसपर क्या क्या चार्ज थे, किस आरोप में गिरफ्तार किया गया यह सब जानकारी गिरफ्तारी में शामिल रहे जवानों से चर्चा के बाद ही दे पाऊंगा। मारे गए नक्सली पर कई प्रकरण दर्ज थे।
-दिव्यांग पटेल, एसपी बीजापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *