Uncategorized

वह सुबह कभी तो आएगी

जन्म लेते ही मुझे हिन्दू, मुसलमान
या फलाना या ढिकाना बना दिया गया
जन्म लेने से पहले ही मेरे दुश्मन भी तय कर दिए गये
जन्म से पहले ही मेरी ज़ात भी तय कर दी गयी
यह भी मेरे जन्म से पहले ही तय कर दिया गया था कि
मुझे किन बातों पर गर्व और किन पर शर्म महसूस करनी है

20200105 120327

अब एक अच्छा नागरिक होने के लिये मेरा
कुछ को दुश्मन मानना और एक अनचाहे गर्व से भरे रहना
आवश्यक है

यह घृणा और यह गर्व
मेरे पुरखों ने जमा किया है
पिछले दस हज़ार सालों में
और मैं अभिशप्त हूँ इस दस हज़ार साल के बोझ को अपने सिर पर ढोने के लिये
और अब मैं सौंपूंगा यह बोझ अपने
मासूम और भोले बच्चों को

अपने बच्चों को मैं सिखाऊंगा
नकली नफरत , नकली गर्व ,
थमाऊंगा उन्हें एक झंडा
नफरत करना सिखाऊंगा
दुसरे झंडों से

अपने बच्चों की पसंदगियाँ भी मैं तय कर दूंगा
जैसे मेरी पसंदगियाँ तय कर दी गयी थीं
मेरे जन्म से पहले ही
कि मैं किन महापुरुषों को अपना आदर्श मान सकता हूँ
और किनको नहीं
किस संगीत को पसंद करना है हमारे धर्म को मानने वालों को
और कौन से रंग शुभ हैं
और कौन से रंग दरअसल विधर्मियों के होते हैं !

लगता है
अभी भी कबीले में जी रहा हूँ मैं
लड़ना विरोधी कबीलों से
परम्परागत रूप से तय है

शिकार का इलाका और खाना इकठ्ठा करने का इलाका
अब राष्ट्र में तब्दील हो गया है
दुसरे कबीलों से इस इलाके पर कब्ज़े के लिये लड़ने के लिये
बनाए गये लड़ाके सैनिक
अब मेरी राष्ट्रीय सेना कहलाती है

मुझे गर्व करना है इस सेना पर
जिससे बचाए जा सकें हमारे शिकार के इलाके
पड़ोस के भूखे से लड़ना अपने शिकार के इलाके के लिये
अब राष्ट्र रक्षा कहलाती है

लड़ने के बहाने पहले से तय हैं
पड़ोसी का धर्म , उसका अलग झंडा ,
उनकी अलग भाषा
सब घृणास्पद हैं
हमारे पड़ोसी हीन और क्रूर हैं
इसलिए हमारी सेना को उनका वध कर देने का
पूर्ण अधिकार है

20200105 120333

दस हज़ार साल की सारी घृणा
सारी पीड़ा
मैं तुम्हें दे जाऊंगा मेरे बच्चों

पर मैं भीतर से चाहूंगा
मेरे बच्चों तुम
अवहेलना कर दो मेरी
मेरी किसी शिक्षा को ना सुनो
ना ही मानो कोई सडा गला मूल्य जो मैं तुम्हें देना चाहूँ
धर्म और संस्कृति के नाम पर
तुम ठुकरा दो

मैं चाहूँगा मेरे बच्चों
कि तुम अपनी ताज़ी और साफ़ आँखों से
इस दुनिया को देखो

देख पाओ कि कोई वजह ही नहीं है
किसी को गैर मानने की
ना लड़ने की की कोई वजह है

शायद तुम बना पाओ एक ऐसी दुनिया
जिसमे सेना , हथियार , युद्ध , जेल नहीं होगी
जिसमे इंसानों द्वारा बनायी गयी भूख गरीबी और नफरत नहीं होगी
जिसमे इंसान अतीत में नहीं
वर्तमान में जियेगा

FB IMG 1557290107071

हिमांशु कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *