Home SliderTop Newsछत्तीसगढ़बस्तर

जहाँ ईश्वर की मौत निश्चित है

पूनम वासम

सबने बाँट लिए हैं अपने-अपने ईश्वर 

जंगल, नदी, पहाड़ ही आये हमारे हिस्से

हमनें गढ़ा अपना देव अपनी शर्तों पर 

हमारे हिस्से जंगल था सो हमने लकड़ी में प्राण फूँक दिये

हमने ईश्वर की बनाई हुई दुनिया में अपने हिस्से का संसार अकेले ही रचा

9ec3a41b e783 4ab8 a716 de50e63f2cce

तुलार पर्वत ने किसी चित्रकार की तरह आंगा की तस्वीर उकेर दी पत्थरों पर

ताकि पहचान सकें हम अपना देव

हमारे हिस्से पहाड़ थे सो हमने पहाड़ों की कठोर भाषा में तय किये अपने जीवन के मूलमंत्र

देव की नाल काटती गाँव की औरतें शल्यचिकित्सक की भांति सतर्क होती हैं 

3a068cdc b558 4c19 88d0 df3722bbaa13

जैसे किसी ने कप्यूटर में भरा हो कोई सॉफ्टवेयर 

वैसे ही वो भरतीं हैं आंगा देव के ह्रदय में चलती-फिरती हड्डियों के लिए प्रेम

देव ने हमें नहीं हमने देव को दिया जन्म

देव की उम्र निर्धारित होती है 

देव यहाँ मनुष्यों की तरह जीता, खाता, हँसता बोलता है 

देव की मनमानी की परिधि तय है

धर्म ने ईश्वर बांट दिए परन्तु हमने देव को काम 

देव यहाँ मूकदर्शक की भूमिका में नहीं आते

संकेतों में संवाद की प्रक्रिया चलती रहती है

भक्त की मांग पूरी करना देव की पहली जिम्मेदारी है

‘एक हाथ दे एक हाथ ले’ वाली कहावत 

भक्त व देव के बीच प्रार्थनाओं का पुल बनाते हैं

मनुष्यों की बनायी हुई दुनिया की सारी ईटों को एक दिन भरभरा कर कर गिर जाना है 

फिर देव कैसे अजर-अमर हो सकते हैं

हमारे हिस्से नदी आई थी सो हमने सौंप दिया नदी के पानी को देव के हिस्से का सारा पुण्य

आंगा देव अब देव नहीं बल्कि सोमारू की देह बन कर पुनर्जन्म लेते हैं बस्तर की मिट्टी में

जहाँ ईश्वर की मौत निश्चित होती है 

वहाँ मनुष्य के जिंदा रहने की गुंजाइश बढ़ जाती है.

71c43282 4380 4cbe ab95 d4cf5ff61b19 1

पूनम वासम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *